मिशन 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस; बागेश्वर में कुमारी शैलजा ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश, किया गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का ऐलान
मिशन 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस; बागेश्वर में कुमारी शैलजा ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश, किया गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का ऐलान
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का दिया मंत्र, भाजपा सरकार की नीतियों पर बोला हमलाबागेश्वर और कपकोट सीट पर टिकट वितरण को लेकर फिलहाल नहीं खोले पत्ते
बागेश्वर उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा भले ही अभी न हुई हो, लेकिन सियासी दलों ने अभी से अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अपने छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत कुमाऊं मंडल के विधानसभा क्षेत्रों के भ्रमण पर निकलीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा शुक्रवार को बागेश्वर पहुंचीं। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र से होते हुए बागेश्वर पहुंचीं शैलजा ने एक स्थानीय होटल में आयोजित बैठक में कपकोट, बागेश्वर, गरुड़ और कांडा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया।
एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान बैठक का मुख्य एजेंडा मिशन-2027 और संगठन की मजबूती रहा। कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए अभी से एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव जीतने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना सबसे जरूरी है। सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार तरह-तरह के झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाएं और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों व नाकामियों को उजागर करें।
गैरसैंण राजधानी पर बड़ा सियासी दांव बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कुमारी शैलजा ने गैरसैंण को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी का दर्जा देने की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा। राजनीतिक गलियारों में उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के एक बड़े और भावनात्मक चुनावी वादे के रूप में देखा जा रहा है।
टिकट वितरण पर साधी चुप्पी, दावेदारों की बढ़ी धड़कनें पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश प्रभारी ने विभिन्न संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। हालांकि, जब उनसे बागेश्वर और कपकोट विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों और टिकट वितरण के फॉर्मूले को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस पर कोई भी पत्ता नहीं खोला। ऐसे में टिकट की दौड़ में शामिल स्थानीय कांग्रेस नेताओं और दावेदारों की निगाहें अब पार्टी हाईकमान के आगामी फैसलों पर टिक गई हैं।
