बागेश्वर में आधी रात फिर डोली धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
बागेश्वर में आधी रात फिर डोली धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई तीव्रता, पिथौरागढ़ रहा भूकंप का केंद्र
पिछले एक महीने से लगातार आ रहे झटकों ने बढ़ाई जिलेवासियों की चिंता
बागेश्वर, संवाददाता। जिले में पिछले एक महीने से लगातार महसूस किए जा रहे भूकंप के झटकों ने आमजन की चिंता और दहशत बढ़ा दी है। गुरुवार देर रात एक बार फिर धरती डोल उठी, जिससे गहरी नींद में सोए लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
रात ठीक 12 बजकर 27 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। कंपन महसूस होते ही कई लोग घबराकर नींद से जाग गए और परिवार सहित तुरंत अपने घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर निकल आए। आधी रात को आए इन झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी। काफी देर तक लोग बाहर ही डटे रहे और फोन के माध्यम से अपने परिचितों व रिश्तेदारों की कुशलक्षेम पूछते रहे।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई है। इसका केंद्र पड़ोसी जनपद पिथौरागढ़ में स्थित था। राहत की बात यह है कि भूकंप से जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, क्षेत्र में बार-बार हो रही इस भूगर्भीय हलचल के कारण स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
