लोकतंत्र की बुनियाद पर हो रहा प्रहार, निष्पक्ष जांच हो: संजय चोकर

लोकतंत्र की बुनियाद पर हो रहा प्रहार, निष्पक्ष जांच हो: संजय चोकर

वोट चोरी के आरोपों को लेकर एआईसीसी ऑब्जर्वर ने केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला, पारदर्शिता की उठाई मांग

 

 

 

 

अल्मोड़ा, संवाददाता। देश में कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में शनिवार, 14 नवंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय, अल्मोड़ा में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ऑब्जर्वर संजय चोकर ने केंद्र सरकार पर तीखे सवाल दागे। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों को लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर विषय बताते हुए संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जोरदार मांग उठाई।

 

 

 

पत्रकारों को संबोधित करते हुए एआईसीसी ऑब्जर्वर संजय चोकर ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मताधिकार होता है। देश के प्रत्येक नागरिक को अपने मत का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करने का अधिकार है और इस मौलिक अधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश भर में वोट चोरी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन इन संवेदनशील मुद्दों पर सरकार की ओर से कोई संतोषजनक जवाब सामने नहीं आ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  दिनेशपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची महिला की अचानक मौत, मचा हड़कंप

 

 

 

चोकर ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया पर आम जनता का विश्वास कायम रहना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सामने आ रही किसी भी प्रकार की अनियमितता की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। मतदाता सूची के निर्माण से लेकर अंतिम मतदान प्रक्रिया तक हर स्तर पर पूर्ण पारदर्शिता बरती जानी चाहिए, ताकि देश का कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रह जाए।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा: 'खेत बचाओ अभियान' के तहत किसानों को दी गई मृदा स्वास्थ्य और संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी

 

 

 

 

इस दौरान उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस गंभीर मुद्दे को आम जनता के बीच ले जाने और लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक जीवंत लोकतंत्र में सत्ता से सवाल पूछना विपक्ष का धर्म है और जनता के मत की गरिमा व चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आगामी चुनौतियों के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का मंत्र भी दिया।

 

 

 

 

प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेसी तारा चंद्र साह सहित जिला कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Advertisement