मां के निधन के बाद पैतृक गांव पंचूर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, परिजनों को बंधाया ढांढस
मां के निधन के बाद पैतृक गांव पंचूर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, परिजनों को बंधाया ढांढस
यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में अपनी माता स्वर्गीय सावित्री देवी के अंतिम दर्शन करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रीउत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल भी रहे मौजूद, शोकाकुल परिवार के प्रति जताई संवेदना
यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल):
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार मिलने के बाद शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचूर (यमकेश्वर ब्लॉक) पहुंचे। पैतृक आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री ने अपनी माताजी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुखद घड़ी में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल भी उनके साथ मौजूद रहे।
गोरखपुर से सीधे पहुंचे पैतृक आवास गौरतलब है कि सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर स्थित आवास पर निधन हो गया था। निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी गोरखपुर में एक सरकारी कार्यक्रम में व्यस्त थे। अपने निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद वे सीधे उत्तराखंड के लिए रवाना हुए और यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने घर पहुंचे।
परिजनों से मिलकर हुए भावुक घर पहुंचने पर सीएम योगी ने अपने भाइयों, बहनों और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया। वहीं, साथ मौजूद उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रशासन अलर्ट, कल हरिद्वार में हो सकता है अंतिम संस्कार मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पौड़ी जिला प्रशासन और पुलिस बल की ओर से पंचूर गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पारिवारिक सूत्रों और प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित देश-प्रदेश के तमाम दिग्गज नेताओं ने शोक संवेदना प्रकट की है।
