Big news वियतनाम में बड़ा हादसा: फु क्वोक द्वीप के पास पर्यटकों की नाव पलटी, 15 भारतीयों की मौत
Big news वियतनाम में बड़ा हादसा: फु क्वोक द्वीप के पास पर्यटकों की नाव पलटी, 15 भारतीयों की मौत
हो ची मिन्ह सिटी/नई दिल्ली: वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक तेज रफ्तार स्पीडबोट (Speedboat) समुद्र की लहरों में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है। स्थानीय प्रशासन और वियतनाम बॉर्डर गार्ड्स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
समुद्र में उठीं तेज लहरें बनीं हादसे का कारण
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और वियतनामी अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे (स्थानीय समयानुसार) उस समय हुआ जब यह नाव ‘हॉन मे रुत’ (Hon May Rut) द्वीप से सैलानियों को लेकर ‘अन थोई’ (An Thoi) पोर्ट की तरफ लौट रही थी। तट से महज 400 मीटर की दूरी पर समुद्र में उठीं बेहद ऊंची और तेज लहरों के कारण नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई।
हादसे के वक्त नाव पर कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक, तीन चालक दल (क्रू) के सदस्य और एक अटेंडेंट शामिल थे। अचानक नाव पलटने से कई लोग उसके भीतर ही फंस गए, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
युद्ध स्तर पर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसा होते ही आसपास मौजूद अन्य टूरिस्ट नौकाएं तुरंत मदद के लिए आगे आईं। इसके बाद सूचना मिलते ही वियतनाम बॉर्डर गार्ड्स, स्थानीय नौसेना (Navy) और कोस्ट गार्ड के जवानों ने संयुक्त रूप से युद्ध स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहत दल ने तत्परता दिखाते हुए समुद्र से 21 लोगों को जीवित बाहर निकाला और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी 15 मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जिनमें 13 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख, भारतीय दूतावास ने जारी की हेल्पलाइन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा:वियतनाम के फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रही नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से अत्यंत दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायल बचे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वियतनाम में हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।”
वियतनाम में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित परिवारों की सहायता और जानकारी साझा करने के लिए दूतावास ने हनोई और *हो ची मिन्ह सिटी* में आपातकालीन कंट्रोल रूम (Emergency Control Rooms) स्थापित किए हैं।
सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर्स:
हो ची मिन्ह सिटी (वाणिज्य दूतावास): +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414
हनोई (दूतावास):+84 91 308 9165
स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है कि क्या खराब मौसम की चेतावनी के बावजूद नाव को समुद्र में जाने की अनुमति दी गई थी या इसके पीछे कोई तकनीकी चूक थी। हाल के वर्षों में वियतनाम का फु क्वोक द्वीप भारतीय पर्यटकों के बीच एक बेहद लोकप्रिय डेस्टिनेशन बनकर उभरा है, जिसके चलते वहां भारतीय सैलानियों की आवाजाही काफी बढ़ गई है।