ज्यूड़कफून में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ज्यूड़कफून में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अल्मोड़ा, ब्यूरो। भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा के तत्वावधान में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत हवालबाग विकासखंड के ज्यूड़कफून गांव में कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में स्थानीय किसानों ने भाग लिया और कृषि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित व विवेकपूर्ण उपयोग तथा मृदा परीक्षण के आधार पर पोषक तत्व प्रबंधन और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान डॉ. राजेश कुमार खुल्बे ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय संसाधनों से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के उपाय साझा किए। उन्होंने किसानों को जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा आजीविका सुदृढ़ करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने वाली सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
वहीं, डॉ. महेंद्र सिंह भिंडा ने रबी फसलों की उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों पर चर्चा की, ताकि किसान स्थानीय जलवायु व परिस्थितियों के अनुरूप सही किस्मों का चयन कर सकें। बैठक में किसानों ने जंगली जानवरों और सफेद गिडार कीट द्वारा फसलों को पहुंचाए जाने वाले नुकसान की समस्या प्रमुखता से रखी, जिस पर विशेषज्ञ दल ने बचाव के व्यावहारिक व तकनीकी उपाय सुझाए। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. राजेश कुमार खुल्बे और डॉ. महेंद्र सिंह भिंडा ने किया।
