संविधान दिवस पर सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं, सशक्त व विकसित भारत के निर्माण का किया आह्वान
संविधान दिवस पर सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं, सशक्त व विकसित भारत के निर्माण का किया आह्वान
देहरादून, ब्यूरो। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान को देश के लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला बताते हुए नागरिकों से संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संविधान न केवल लोकतंत्र की आधारशिला है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का सशक्त संरक्षक भी है। उन्होंने संविधान निर्माण में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका यह योगदान देशवासियों के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
सीएम ने अपने संदेश में आगे कहा कि संविधान दिवस हमें अपने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा व्यक्त करने और एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है, जहां समाज के प्रत्येक वर्ग और नागरिक को न्याय, समानता, सम्मान और समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे संविधान की मूल भावना को अपने जीवन में उतारकर एक सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
