एसएसजे विवि के कुलपति पर एबीवीपी का गमछा पहनकर राजनीतिक पक्षधरता का आरोप, कांग्रेस ने बोला हमला

 

एसएसजे विवि के कुलपति पर एबीवीपी का गमछा पहनकर राजनीतिक पक्षधरता का आरोप, कांग्रेस ने बोला हमला

 

 

 

 

अल्मोड़ा सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का गमछा पहने जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद कांग्रेस ने विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने इसे विश्वविद्यालय की गरिमा और निष्पक्षता के खिलाफ बताया है।

 

 

 

 

कुलपति का पद राजनीतिक शाखा नहीं: निर्मल रावत

जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री निर्मल रावत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस कुलपति पर पूरे विश्वविद्यालय को निष्पक्षता और समानता के साथ संचालित करने की जिम्मेदारी है, यदि वही व्यक्ति खुले मंच पर किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े छात्र संगठन का प्रतीक (गमछा) पहनकर बैठेगा, तो संस्था की गरिमा तार-तार होना स्वाभाविक है।

यह भी पढ़ें 👉  तिलपात्र एवं हवन के साथ कर्नाटक खोला की ऐतिहासिक रामलीला का भव्य समापन

 

 

 

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब एबीवीपी का गमछा पहनना विश्वविद्यालय के मुखिया की नई आधिकारिक वर्दी बन गया है? रावत ने कहा कि विश्वविद्यालय का मुखिया किसी दल विशेष का नहीं होता, बल्कि उसे सभी छात्र संगठनों और विद्यार्थियों के प्रति निष्पक्ष रहना चाहिए।

 

 

 

 

अकादमिक माहौल को राजनीतिक रंग देने का आरोप

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि लगता है अब विश्वविद्यालयों की अकादमिक पहचान को भी राजनीतिक रंग में रंगने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस परिसर में छात्रों को संविधान और स्वतंत्र विचार की शिक्षा मिलनी चाहिए, वहां यदि कुलपति खुद राजनीतिक पक्षधरता का संदेश दें, तो यह पूरे शिक्षा तंत्र के लिए चिंता का विषय है।

यह भी पढ़ें 👉  कैंची धाम और नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, पुलिस के शानदार ट्रैफिक प्लान से जाम से मिली राहत

 

 

 

सरकार से स्पष्टीकरण और कार्रवाई की मांग

कांग्रेस ने राज्य सरकार से सवाल किया है कि क्या वह विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता बचाने में पूरी तरह विफल हो चुकी है? पार्टी ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण पर कुलपति से तत्काल स्पष्टीकरण लिया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि उच्च शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने का प्रयास जारी रहा, तो कांग्रेस सड़कों से लेकर परिसर तक जोरदार आंदोलन करेगी।

Advertisement