Uttrakhand News:जनता की आवाज पर एक्शन मोड में प्रशासन, DM ने दिए त्वरित समाधान के आदेश जनता की समस्याओं पर सख्ती: DM ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

0
ख़बर शेयर करें -

जनता की आवाज पर एक्शन मोड में प्रशासन, DM ने दिए त्वरित समाधान के आदेश जनता की समस्याओं पर सख्ती: DM ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जनसुनवाई में एक्शन मोड में जिलाधिकारी, हर शिकायत पर तुरंत आदेश

पिथौरागढ़। प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आमजन की समस्याएं सुनी गईं। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया, जिन पर जिलाधिकारी द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विकासखंड गंगोलीहाट के कन्या हाईस्कूल तामानौली में पेयजल संकट का मामला प्रमुखता से उठाया गया। ग्राम प्रधान द्वारा विद्यालय में पानी की समुचित व्यवस्था न होने से छात्राओं एवं मिड-डे मील संचालन में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:​अल्मोड़ा में चटक धूप से बढ़ने लगी तपिश, पहुंचा 30.5 डिग्री सेल्सियस

तिलढुकरी क्षेत्र में आवासीय भवनों के समीप खड़े विशालकाय चीड़ के वृक्षों से संभावित खतरे को लेकर भी शिकायत प्राप्त हुई। इस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ग्राम राडीखूटी के ग्रामीणों ने रामगंगा नदी में हो रहे अनियंत्रित खनन से कृषि भूमि के कटाव एवं पर्यावरणीय क्षति की समस्या उठाई। साथ ही न्यायालय के आदेशों के उल्लंघन का मामला भी सामने रखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पर्यटन व्यवसायी द्वारा दारमा घाटी के सीमांत गांवों दांतू एवं सीपू में पर्यटकों के प्रवेश हेतु परमिट व्यवस्था सरल बनाने की मांग भी रखी गई, जिस पर प्रशासन स्तर पर विचार किए जाने का आश्वासन दिया गया।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम डाबरी निवासी द्वारा अपने पड़ोसी के घर का गंदा पानी कृषि भूमि में बहाए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि इससे खेत में गंदगी व दुर्गंध फैल रही है तथा आसपास से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने मामले को उपजिलाधिकारी पिथौरागढ़ को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा में 'ऑपरेशन मर्यादा' के तहत एक्शन; सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले 5 गिरफ्तार

इसके अतिरिक्त ग्राम जमतड़ी के श्रमिकों द्वारा पेयजल निगम के कार्यों में लंबित भुगतान, मुस्लिम समुदाय द्वारा कब्रिस्तान में स्ट्रीट लाइट की मांग, मिशन भटकोट सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या, तूलानी-चंडिकाघाट मोटर मार्ग एवं पुल निर्माण में विलंब, तथा ग्राम बनकोट में सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित मकानों की सुरक्षा जैसे मुद्दे भी जनसुनवाई में उठाए गए।

जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, डीडीओ रमा गोस्वामी, सीएमओ डॉ० एस. एस. नबियाल व विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *