प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026: सीएम धामी ने प्रवासियों को बताया प्रदेश का ब्रांड एंबेसडर, कहा- देवभूमि आएं तो अपने गांव जरूर जाएं
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026: सीएम धामी ने प्रवासियों को बताया प्रदेश का ब्रांड एंबेसडर, कहा- देवभूमि आएं तो अपने गांव जरूर जाएं
देहरादून, संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित भव्य ‘प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026’ में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभवों, विचारों और सुझावों को सुना तथा प्रदेश सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों की रूपरेखा उनके समक्ष रखी।
प्रवासियों से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों को प्रदेश का सच्चा ब्रांड एंबेसडर बताया। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में बसे उत्तराखंडी अपनी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और लोक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि जब भी वे देवभूमि उत्तराखंड आएं, तो अपने पैतृक गांव अवश्य जाएं और वहां कुछ समय जरूर बिताएं, क्योंकि अपनी जड़ों से जुड़े रहना ही हमारी असली पहचान और ताकत है।
गांवों को गोद लेने की पहल की सराहना मुख्यमंत्री ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि आज प्रवासी उत्तराखंडी आगे बढ़कर अपने गांवों को गोद ले रहे हैं और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प प्रदेश के हर एक गांव तक विकास की धारा पहुंचाना है, जिसके तहत गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को तेजी से सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवासियों के अनुभव, सामर्थ्य और सहयोग से ‘विकसित उत्तराखंड’ का संकल्प और अधिक तेजी से साकार होगा।
दिग्गज हस्तियों ने की शिरकत इस गरिमामयी कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष व पद्मश्री प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांशु पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, चित्रांशी रावत सहित राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी मौजूद रहे।
