बाबा केदारनाथ की चलविग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान, शीतकालीन पूजाएं शुरू
बाबा केदारनाथ की चलविग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान, शीतकालीन पूजाएं शुरू
रुद्रप्रयाग, संवाददाता। शीतकाल के लिए बाबा केदारनाथ के कपाट बंद होने के बाद उनकी चलविग्रह उत्सव डोली विधि-विधान और पौराणिक धार्मिक परंपराओं के साथ अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई है। इसके साथ ही अब आगामी छह महीने तक भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना यहीं पर परंपरानुसार संपन्न होगी।
डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने पर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल है। इस पावन अवसर पर केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने समस्त देशवासियों और क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का एक प्रमुख केंद्र है। शीतकाल के दौरान बाबा केदार की यहीं पूजा-अर्चना होना हम सभी के लिए असीम आध्यात्मिक आस्था, श्रद्धा और गौरव का विषय है।
