अल्मोड़ा भाकृअनुप-वीपकृअनुसं हवालबाग में ‘मशीनिंग कौशल’ पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
अल्मोड़ा भाकृअनुप-वीपकृअनुसं हवालबाग में ‘मशीनिंग कौशल’ पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
अल्मोड़ा। भाकृअनुप–विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपकृअनुसं) के हवालबाग स्थित परिसर में “कार्यशाला मशीनों के संचालन एवं मशीनिंग कौशल” विषय पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 3 से 7 अगस्त तक चले इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आधुनिक कार्यशाला मशीनों के संचालन और तकनीकी कौशल की बारीकियों से अवगत कराया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मीकांत के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संयोजन अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (कटाई-उपरांत प्रौद्योगिकी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक (प्रक्षेत्र मशीनरी एवं पावर) डॉ. मनोज कुमार ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान कुल 7 प्रतिभागियों को लेथ, मिलिंग एवं शेपर जैसी प्रमुख मशीनों का सचित्र व व्यावहारिक परिचय दिया गया। साथ ही सुरक्षा नियमों के पालन, शाफ्ट व बुश निर्माण, थ्रेड कटिंग तथा आंतरिक एवं बाहरी की-वे (Key-way) निर्माण का सैद्धांतिक और व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को मापन उपकरणों के सटीक उपयोग, मशीनों के नियमित रखरखाव एवं सामान्य तकनीकी दोषों को दूर करने की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
समापन समारोह में वक्ताओं ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी और कार्यशाला आधारित तकनीकी कार्यों में इस अर्जित कौशल का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।