राहुल गांधी पर FIR दर्ज होने पर बिफरी कांग्रेस, गोदियाल के नेतृत्व में दून कोतवाली का घेराव
राहुल गांधी पर FIR दर्ज होने पर बिफरी कांग्रेस, गोदियाल के नेतृत्व में दून कोतवाली का घेराव
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बोले- दोषियों पर कार्रवाई के बजाय आवाज उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष पर मुकदमा सरकार की तानाशाही का प्रमाण
मांग न पूरी होने पर पूरे उत्तराखंड में उग्र आंदोलन और सभी थानों में तहरीर देने की चेतावनी
देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा वाले मंच का ‘गंगाजल से शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ नगर कोतवाली पहुंचे और हंगामा करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी।
गणेश गोदियाल ने कहा कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विशाल रैली हुई थी। रैली के बाद कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा मंच को गंगाजल से धोकर शुद्धिकरण करने का कृत्य किया गया, जो सीधे तौर पर दलित समाज के अपमान और छुआछूत का प्रतीक है। गोदियाल ने याद दिलाया कि संसद के भीतर राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा तक ने इस घटना को अनुचित ठहराया था और जांच की बात कही थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने छुआछूत जैसी कुरीति को बढ़ावा देने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उल्टा इस सामाजिक अपमान का मुद्दा उठाने वाले जननेता राहुल गांधी पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार की तानाशाही और बौखलाहट करार दिया।
प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
गणेश गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी पर दर्ज फर्जी मुकदमे को तत्काल निरस्त नहीं किया गया और मंच का तथाकथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ अब प्रदेश के हर जिले, थाने और चौकी में तहरीर दर्ज कराई जाएगी। यदि सरकार ने अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो पूरे राज्य में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसमें राज्य भर से कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
देहरादून नगर कोतवाली में तहरीर सौंपने के दौरान प्रदेश संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।