अल्मोड़ा में भारी बारिश का कहर: 3 लोगों की मौत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जताया शोक
अल्मोड़ा में भारी बारिश का कहर: 3 लोगों की मौत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जताया शोक
प्रशासन से प्रभावितों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने और उचित मुआवजे की मांग
अल्मोड़ा। जिले में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।
इस दुखद घटना पर जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में मकानों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। अनेक परिवार खतरे की आशंका के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
जिलाध्यक्ष भोज ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन क्षेत्रों में भूस्खलन, मकानों के क्षतिग्रस्त होने अथवा अन्य आपदा का खतरा बना हुआ है, वहां रह रहे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित आवास, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए। आपदा प्रभावित परिवारों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल राहत और उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
भोज ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें सरकार द्वारा शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा जिन लोगों के मकान और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, उनका सही आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।
जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा इस कठिन समय में आपदा प्रभावित सभी परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।