Uttrakhand News:कूलागाड़ में बड़ा हादसा: वैली ब्रिज पर गिरा विशाल बोल्डर, धारचूला से चीन-नेपाल सीमा का संपर्क टूटा
चीन सीमा को जोड़ने वाले टनकपुर – तवाघाट हाईेवे में धारचूला से लगभग सात किमी दूर कूलागाड़ में पहाड़ से पुल पर गिरे विशाल बोल्डर से पुल खिसक चुका है। पुल के खिसकने से तहसील धारचूला का चीन और नेपाल सीमा से लगा दो तिहाई क्षेत्र अलग -थलग पड़ चुका है।
वहीं तवाघाट -लिपुलेख मार्ग पर मलघाट के पास तीसरे दिन भी मार्ग बंद है। मंगलवार सायं तक मार्ग खुलने की प्रतीक्षा के बाद वाहन धारचूला लौटे।मंगलवार की रात्रि को जिले भर में सामान्य वर्षा हुई । दो सीमा मार्ग ,एक राष्ट्रीय मार्ग सहित जिले में 19 सड़कें बंद हैं।
🌸वैली ब्रिज पर गिरा बोल्डर
मंगलवार की देर रात्रि हाईवे में कूलागाड़ के पास एक विशाल बोल्डर और मलबा वैली ब्रिज पर गिरा और पुल का एक हिस्सा टू टकर पुल खिसक गया। धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलागाड़ के पास पहाड़ी से गिरे मलबे और भारी बोल्डरों की चपेट में आने से वैली ब्रिज टूट गया। पुल टूटने के बाद मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। इससे दारमा, व्यास और चौदास घाटी के साथ ही आसपास क गांवों का धारचूला तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने से वैली ब्रिज इसकी चपेट में आ गया। मलबे और बोल्डरों के भारी दबाव के कारण पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। पुल टूटने के बाद दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई है।जिसका असर सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों पर पड़ा है। दारमा, व्यास और चौदास घाटी के ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जरूरी सामान और अन्य आवश्यक सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका है।
इस समय पूजा-पाठ के लिए गुंजी और कुटी जा रहे श्रद्धालु भी रास्ते में फंस गए हैं। मार्ग बंद होने के कारण श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित हुई है और उन्हें पुल खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। सीमांत क्षेत्र में तैनात सेना और सुरक्षा बलों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है।
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में सड़क संपर्क बाधित होने से जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था के लिए प्रशासन और बीआरओ जुट गया है। आज इसी मार्ग से तिब्बत से वापस लोट रहे नौवे कैलास मानसरोवर यात्रा दल को भी आधार शिविर धारचूला आना है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त वैली ब्रिज की जल्द मरम्मत कराने तथा आवाजाही सुचारु करने की मांग की है।