जिला मुख्यालय से महज दो किमी दूर सड़क नहीं, हार्ट अटैक पीड़ित बुजुर्ग को डंडी-कंडी से पहुंचाया अस्पताल
जिला मुख्यालय से महज दो किमी दूर सड़क नहीं, हार्ट अटैक पीड़ित बुजुर्ग को डंडी-कंडी से पहुंचाया अस्पताल
बाड़ागड्डी पट्टी के पोखरी गांव की बदहाली उजागर, वर्षों से सड़क की बाट जोह रहे ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ रोष
उत्तरकाशी, संवाददाता। विकास के तमाम दावों के बीच जिला मुख्यालय उत्तरकाशी से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित बाड़ागड्डी पट्टी का पोखरी गांव आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को अपने बीमार परिजनों को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने के लिए आज भी पारंपरिक ‘डंडी-कंडी’ का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसा ही एक हृदयविदारक मामला बुधवार सुबह सामने आया, जब हार्ट अटैक से पीड़ित एक बुजुर्ग महिला को ग्रामीणों ने कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पोखरी निवासी 67 वर्षीय नत्थी देवी पत्नी जमन सिंह राणा को सुबह अचानक सीने में तेज दर्द उठा और हार्ट अटैक की स्थिति बन गई। गांव तक सड़क मार्ग न होने के कारण एंबुलेंस गांव नहीं पहुंच सकी। आनन-फानन में ग्रामीणों ने बुजुर्ग महिला को डंडी-कंडी पर लिटाया और दुर्गम पैदल रास्ते से होते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
सिस्टम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल जिला मुख्यालय के इतने करीब होने के बावजूद पोखरी गांव की यह स्थिति प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल कोरे आश्वासन ही मिलते हैं। गांव में यदि कोई बुजुर्ग बीमार पड़ जाए या किसी गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हो, तो उसे अस्पताल पहुंचाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता। कई बार समय पर इलाज न मिल पाने के कारण मरीजों की जान पर भी बन आती है।
ग्रामीणों ने की तत्काल सड़क निर्माण की मांग ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पोखरी गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए धरातल पर ठोस कार्यवाही शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
“जिला मुख्यालय से मात्र दो किलोमीटर दूर होने के बाद भी हमारा गांव सड़क सुविधा से महरूम है। आज हार्ट अटैक आने पर बुजुर्ग महिला को डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक लाना पड़ा। बीमारों और गर्भवती महिलाओं को हर बार इसी पीड़ा से गुजरना पड़ता है। प्रशासन को अब आश्वासन छोड़कर तत्काल सड़क निर्माण शुरू करना चाहिए।” — ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत पोखरी
