उत्तरकाशी में भालू का आतंक: 24 घंटे में दो अलग-अलग हमलों में युवक और महिला गंभीर घायल

उत्तरकाशी में भालू का आतंक: 24 घंटे में दो अलग-अलग हमलों में युवक और महिला गंभीर घायल

 

 

मोरी के जखोल और डुण्डा के ठांडी गांव में हुई घटनाएं; नाजुक हालत के चलते महिला देहरादून रेफर, ग्रामीणों में दहशत और वन विभाग के खिलाफ आक्रोश

 

 

 

 

उत्तरकाशी। जनपद में वन्यजीवों, विशेषकर भालू के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे के भीतर जिले के दो अलग-अलग विकासखंडों—मोरी और डुण्डा—में भालू ने एक युवक और एक महिला पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

 

 

 

 

बगीचे की ओर जा रहे युवक पर झपटा भालू पहली घटना मोरी विकासखंड अंतर्गत गोविंद वन्यजीव विहार क्षेत्र के जखोल गांव में रविवार सुबह घटित हुई। गांव निवासी अभिषेक पुत्र सुबेलाल सुबह अपने बगीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को भगाया और लहूलुहान हालत में अभिषेक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मोरी पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, युवक का उपचार जारी है। घटना की सूचना पर गोविंद पशु विहार प्रशासन की टीम ने मौके का जायजा लिया और नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई शुरू की है।

यह भी पढ़ें 👉  वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, इस यात्रा सीजन में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

 

 

 

छानी से लौट रही महिला गंभीर, हायर सेंटर रेफर दूसरी घटना रविवार देर शाम डुण्डा विकासखंड के ठांडी गांव में सामने आई। गांव की मकनी देवी अपनी छानी से काम निपटाकर घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में भालू ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में मकनी देवी बुरी तरह जख्मी हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 10:28 पर संपन्न हुई प्रक्रिया; खरसाली रवाना हुई मां यमुना की उत्सव डोली

 

 

 

 

 

ग्रामीणों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग एक ही दिन में दो हमलों की खबर से पूरे जनपद के ग्रामीणों में भारी रोष और भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों से सटे गांवों में भालू की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, जिससे खेती-बाड़ी और रोजमर्रा के कामकाज के लिए घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग से तत्काल संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Advertisement