बाल विकास मंत्री पर 210 करोड़ की बेनामी संपत्ति का आरोप, सीएम से बर्खास्तगी की माँग
बाल विकास मंत्री पर 210 करोड़ की बेनामी संपत्ति का आरोप, सीएम से बर्खास्तगी की माँग
अल्मोड़ा प्रदेश की राजनीति में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। अल्मोड़ा में एक संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने प्रदेश सरकार की एक महिला मंत्री पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। नेताओं ने मांग की है कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाएं और जांच पूरी होने तक संबंधित मंत्री को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें।
मंत्री के परिवार से ही उठे भ्रष्टाचार के सवाल
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि मंत्री के खिलाफ 210 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति और 100 करोड़ रुपये के आलीशान ‘महल’नुमा संपत्ति का मामला सामने आया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आरोप विपक्ष या कांग्रेस ने नहीं, बल्कि मंत्री के घर से ही उनके पति द्वारा उठाए गए हैं।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस संपत्ति में मंत्री और उनके नाबालिग बच्चों की हिस्सेदारी बताई जा रही है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि नाबालिग बच्चों के पास इतनी भारी आय कहाँ से आई कि वे कंपनियाँ बना सकें? साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि क्या मंत्री पद पर रहते हुए कंपनियाँ बनाई जा सकती हैं और क्या इन कंपनियों व सरकार के बीच लेन-देन से शपथ का उल्लंघन नहीं हुआ?
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि आज प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है और पूरे राज्य में सत्ता परिवर्तन की हवा चल रही है। कांग्रेस पूरी तरह चुनावी मूड में है और जिन सीटों पर कोई विवाद नहीं है, वहाँ पार्टी प्रत्याशी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर काम कर रहे हैं।
जौलजीवी मेला प्रोटोकॉल विवाद पर घेरा
जौलजीवी मेले के दौरान हुए प्रोटोकॉल विवाद का जिक्र करते हुए कुंजवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मेले के अध्यक्ष व स्थानीय विधायक हरीश धामी के भाषण से पहले कार्यक्रम समाप्त करने की परंपरा का उल्लंघन किया गया।
इसे एक बड़ी संवैधानिक भूल बताते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इसके लिए प्रदेशवासियों और विधायक से माफी मांगनी चाहिए। प्रेस वार्ता में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, राजेन्द्र बारकोटी आदि कांग्रेस जन उपस्तिथ रहे
