यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 10:28 पर संपन्न हुई प्रक्रिया; खरसाली रवाना हुई मां यमुना की उत्सव डोली
यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 10:28 पर संपन्न हुई प्रक्रिया; खरसाली रवाना हुई मां यमुना की उत्सव डोली
उत्तरकाशी (विशेष संवाददाता)। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट आज प्रातः 10 बजकर 28 मिनट पर विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा धाम ‘जय मां यमुना’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कपाट बंद होते ही मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खुशीमठ (खरसाली) के लिए रवाना हो गई। अब आगामी छह महीनों तक मां यमुना खरसाली स्थित अपने शीतकालीन मंदिर में विराजमान रहेंगी, जहां श्रद्धालु अगले यात्रा सीजन तक उनके दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शीतकाल में अत्यधिक बर्फबारी और विषम मौसम के कारण यमुनोत्री धाम में नियमित पूजा संभव नहीं होती। इसी परंपरा के तहत मां यमुना की उत्सव मूर्ति को खरसाली लाया जाता है, जहां सभी धार्मिक अनुष्ठान यथावत संपन्न होते हैं।
कपाट बंदी के इस अवसर पर तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और भक्तिमय माहौल देखा गया। इसके साथ ही इस वर्ष की उत्तराखंड चारधाम यात्रा का एक और मुख्य पड़ाव सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।
