देहरादून: नशे में धुत बेटे ने की पिता की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून: नशे में धुत बेटे ने की पिता की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अल्मोड़ा/देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र के चालंग गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे के आदी बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही 62 वर्षीय पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
किचन से चाकू लाकर किया पिता पर वार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सवा सात बजे पुलिस कंट्रोल रूम (112) को सूचना मिली कि चालंग गांव में एक युवक ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मदन राणा (62) को 108 एम्बुलेंस की मदद से तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नशे का आदी है आरोपी बेटा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 35 वर्षीय आरोपी नितिन राणा नशे का आदी है और उसका लंबे समय से परिवार के साथ विवाद चल रहा था। सोमवार शाम को भी किसी बात को लेकर उसकी पिता मदन राणा से बहस हो गई थी। पिता द्वारा डांटे जाने पर गुस्से में आकर नितिन ने किचन से सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गिरफ्तारी और फॉरेंसिक जांच: घटना के तुरंत बाद हरकत में आई राजपुर पुलिस ने आरोपी बेटे नितिन राणा को मौके से ही धर दबोचा। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
इस संबंध में एसपी सिटी देहरादून, शेखर सुयाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
