उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा तोहफा: प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए भूमि खरीद होगी सरल

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा तोहफा: प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए भूमि खरीद होगी सरल

​

 

 

​भराड़ीसैंण (गैरसैंण): विधानसभा भवन परिसर, भराड़ीसैंण में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य सहभागिता कर देवतुल्य जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण और समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण और लोक-कल्याणकारी घोषणाएं कीं।

​

​मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्त्रियों एवं भोजनमाताओं के मानदेय में आगामी 01 दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही, लखपति दीदियों को दो किश्तों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वन्यजीवों के हमलों में घायल होने वाले लोगों को वर्तमान आर्थिक सहायता के अतिरिक्त प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए विशेष अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

​

​प्रदेश में शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक जिला मुख्यालय और नगर पालिका क्षेत्र में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी एवं वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा, अन्य माध्यमों से बिजली पा रहे सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाओं का लाभ देने के लिए ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल की व्यवस्था को प्रत्येक जनपद में और अधिक सरल व प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही, छोटे किसानों के बिजली बिलों पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने का निर्णय लिया गया है।

​प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए आसान होगी भूमि खरीद और कला-संस्कृति को सम्मान

​राज्य में निवेश के इच्छुक प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। वहीं, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकसंगीत और समृद्ध विरासत को संवारने वाले दिवंगत गोपाल बाबू गोस्वामी और चंद्र सिंह राही को ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त, अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि और राज्य आंदोलनकारियों की मांगों के समाधान के लिए एक समिति के गठन का भी ऐलान किया गया।

​मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। ‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने के लिए सरकार पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है।

​इस गरिमामयी अवसर पर कैबिनेट मंत्री भारत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, भाजपा प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Advertisement