लक्ष्मण झूला चौक पर हादसा: तीन दुकानों को चपेट में लिया आग ने, दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल
लक्ष्मण झूला चौक पर हादसा: तीन दुकानों को चपेट में लिया आग ने, दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल
ऋषिकेश: लक्ष्मण झूला चौक स्थित बंद दुकानों में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि एक अन्य दुकान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद से पीड़ित दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है, और अनुमान लगाया जा रहा है कि इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर की रात्रि लगभग 1 बजे तपोवन निवासी राघव सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि बंद दुकानों के अंदर से सफेद धुआं उठ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर सर्विस को अवगत कराया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले ‘गंगा डेली नीड्स’ नामक दुकान में दिखाई दी थी। देखते ही देखते आग ने ‘नमस्ते ऋषिकेश’ (कपड़े की दुकान) और ‘गढ़वाल जेम्स’ को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे ‘गढ़वाल जेम्स’ केवल आंशिक रूप से जल पाई, जबकि अन्य दो दुकानें पूरी तरह खाक हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही तीनों दुकानों के मालिक और आसपास के नागरिक मौके पर एकत्र हो गए। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से आगे की जांच कर रही है।
