मूनाकोट ब्लॉक के ग्रामीणों को मिलेगी सुगम यातायात की सुविधा, डीएम ने दिए जल्द काम शुरू करने के निर्देश
कुसेरी-सिलोनी मोटर मार्ग का बदलेगा स्वरूप, शासन से 1.99 करोड़ की मंजूरी
मूनाकोट ब्लॉक के ग्रामीणों को मिलेगी सुगम यातायात की सुविधा, डीएम ने दिए जल्द काम शुरू करने के निर्देश
पिथौरागढ़, संवाददाता। जनपद के मूनाकोट विकासखंड के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बदहाली झेल रहे कुसेरी-सिलोनी मोटर मार्ग के सुधारीकरण और हॉटमिक्स डामरीकरण की राह आसान हो गई है। शासन ने राज्य योजना के तहत इस मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 1 करोड़ 99 लाख 17 हजार रुपये (199.17 लाख) के आगणन (इस्टीमेट) को हरी झंडी दे दी है।
लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के प्रांतीय खंड के अंतर्गत आने वाले इस मार्ग की दशा सुधरने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क पर हॉटमिक्स डामरीकरण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं के खतरे में भी कमी आएगी और यात्रा समय की बचत होगी।
डीएम ने दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश बजट की स्वीकृति मिलने के बाद जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन से स्वीकृति मिल चुकी है, इसलिए अब टेंडर समेत अन्य सभी औपचारिकताओं में किसी भी स्तर पर देरी न की जाए। उन्होंने सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जल्द से जल्द धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करने को कहा है, ताकि क्षेत्रीय जनता को इसका त्वरित लाभ मिल सके।
