देहरादून में पीआरडी जवानों का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास कूच के दौ

देहरादून में पीआरडी जवानों का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस से झड़प और लाठीचार्ज; कई जवान घायल

 

 

होमगार्ड की तर्ज पर वेतन-भत्ते और साल के 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे पांच हजार जवान, प्रदेशभर में कार्यबहिष्कार की चेतावनी

 

 

 

देहरादून, संवाददाता। राजधानी देहरादून में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों का आंदोलन बुधवार को उग्र रूप ले लिया। परेड ग्राउंड में जुटे करीब पांच हजार पीआरडी जवान अपनी मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास कूच करने के लिए निकले। प्रदर्शनकारियों ने जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की और पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए लोकभवन तक जा पहुंचे।

 

 

 

जवानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा, जिसमें कई पीआरडी जवान घायल हो गए। इस कार्रवाई से जवानों में और अधिक रोष व्याप्त हो गया है।

यह भी पढ़ें 👉  आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और सहायिकाओं को धामी सरकार की बड़ी सौगात, एक दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय

 

 

 

आंदोलनकारी पीआरडी जवानों का मुख्य कहना है कि उन्हें होमगार्ड्स की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (DA) दिया जाए और वर्ष के 365 दिन रोजगार की मुकम्मल गारंटी मिले। जवानों का आरोप है कि लंबे समय से वे अपनी इन जायज मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी हर बार केवल उपेक्षा की गई है।

 

 

 

प्रदेशभर में कार्यबहिष्कार की चेतावनी प्रदर्शन के दौरान जवानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो वे पूरे प्रदेश में कार्यबहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। इस घटना के बाद अब सरकार और प्रशासन के सामने उग्र होते पीआरडी जवानों के आक्रोश को शांत करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून जू में गूंजेगी सफेद बाघ 'तेजस' की दहाड़, सीएम धामी ने किया नए बाड़े का उद्घाटन

 

 

“लंबे समय से पीआरडी जवान अपने अधिकारों और हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। होमगार्ड्स की तर्ज पर मूल वेतन, महंगाई भत्ता और 365 दिन के रोजगार की मांग पूरी तरह से न्यायसंगत है। सरकार हमारी मांगों को अनसुना कर रही है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” — किशन रावत, प्रदेश अध्यक्ष, प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) “हम अपनी मांगें रखने शांतिपूर्ण तरीके से आ रहे थे, लेकिन पुलिस ने हम पर लाठीचार्ज कर हमारे साथियों को घायल कर दिया। सरकार हमारी आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन जब तक हमें हमारा हक नहीं मिलता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।” — प्रदर्शनकारी पीआरडी जवान

Advertisement