Almora News:नीट-यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर डीएम अंशुल सिंह ने की बैठक, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

0
ख़बर शेयर करें -

जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को नवीन कलक्ट्रेट सभागार में आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा( NEET-UG) 2026 पुनर्परीक्षा  के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अवगत कराया गया कि प्रस्तावित पुनर्परीक्षा दिनांक 21 जून 2026 को जनपद के दो परीक्षा केन्द्रों केंद्रीय विद्यालय, रानीखेत तथा बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों का एक दिन पूर्व निरीक्षण कर समस्त व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा कक्षों, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था  तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण एवं ऑडिट कर किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand Weather Update:​उत्तराखंड में मानसून का अलर्ट: 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 13 जिलों में आकाशीय बिजली चमकने का खतरा

उन्होंने विद्युत विभाग को परीक्षा दिवस पर दोनों परीक्षा केन्द्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी पूर्व से सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) – नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा में जनपद के दो परीक्षा केन्द्रों पर कुल 504 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इनमें केंद्रीय विद्यालय, रानीखेत में 288 तथा बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में 216 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। 

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

उन्होंने कहा  कि सभी सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर परीक्षा से पूर्व पूर्ण रूप से क्रियाशील अवस्था में होने चाहिए तथा उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण एक दिन पूर्व ही सुनिश्चित कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए निगरानी व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा में ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले का हुआ विधिवत शुभारंभ, दीप प्रज्वलन के साथ हुआ आगाज

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा कहा कि परीक्षा के सफल एवं निर्विघ्न संचालन हेतु सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

बैठक में अपर  पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह , जॉइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला सूचना अधिकारी, अल्मोड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *