मॉनसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने छह से 11 अक्टूबर तक उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच, सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं जबकि देहरादून समेत कई शहरों में बारिश और बूंदाबांदी हुई।

मंगलवार सुबह भी देहरादून के कई इलाको में झमाझम बारिश हो रही है।

मौसम निदेशक डॉ.सीएस तोमर के अनुसार, छह से आठ अक्टूबर तक 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हालांकि, अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद नौ से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बदलने से तापमान गिरने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  सत्य और स्वराज का संदेश: महात्मा गांधी और उत्तराखंड के ऐतिहासिक रिश्तों की एक झलक:-चन्द्रशेखर तिवारी दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र, देहरादून के शोधकर्ता 

🌸सात जिलों में अलर्ट

चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग व उत्तरकाशी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। इनमें गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा: ज्वेलरी दुकान और गोदाम में चोरी करने वाले नेपाल के 2 चोर गिरफ्तार, सामान भी हुआ बरामद

🌸इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, छह-सात अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी व पौड़ी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ सकता है।