Uttrakhand News:नैनीताल में तीन दिनी वीकेंड पर पर्यटकों का सैलाब: जाम से थमी रफ्तार, होटलों के दाम 4 गुना बढ़े तो सड़कों पर रात बिताने को मजबूर हुए लोग

शहर में तीन दिनी वीकेंड पर पर्यटकों का सैलाब उमड़ा तो सारी व्यवस्थाएं भी पटरी से उतर गईं। नैनीताल में वाहनों का दबाव बढ़ने से के एंट्री मार्गों लंबी कतार लगी रही।
पुलिस ने सुबह से ही विशेष यातायात प्लान लागू किया, इसके बाद भी जाम से राहत नहीं मिली।
टैक्सी चालकों ने भी जमकर लूट मचाई। होटलों के कमरों का किराया महंगा होने के बाद भी होटल नहीं मिले तो पर्यटक बंद दुकानों के आगे, रिक्शा स्टेंड व बस स्टेशन में रात गुजरने को मजबूर रहे।
शहर में दो अक्टूबर की रात पर्यटकों की आमद बढ़ी तो अधिकांश होटल भी फुल हो गए। कई होटल संचालकों ने कमरे के रेटों में चार गुना तक बढ़ोतरी कर दी।
ऑफ सीजन में दो से तीन हजार रूपये में मिलने वाले कमरों के 12-12 हजार तक किराया वसूला गया। जिससे कई पर्यटक मल्लीताल व तल्लीताल रिक्शा स्टेंड, बस स्टेशन व बंद हो चुकी दुकानों व रेस्टोरेंट के आगे रात बिताते नजर आए।
शहर के मल्लीताल के अजय गंगवार सहित अन्य इन्फ्लूएंसर ने रात में रिक्शा स्टेंड सहित अन्य स्थानों पर सो रहे तथा होटलों के लिए भटक रहे पर्यटकों के वीडियो इंटरनेट मीडिया में पोस्ट किए तो जो पूरे दिन ट्रेंडिंग पर रहे।
कारोबारियों के अनुसार शनिवार को 15 हजार से अधिक पर्यटकों की एंट्री हुई जबकि चार हजार से अधिक वाहनों की विभिन्न रास्तों से एंट्री हुई।