ख़बर शेयर करें -

माँ गंगा के पावन तट, परमार्थ निकेतन में आज प्रातःकाल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परिवार संग परमार्थ निकेतन पहुंचे। इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती के पावन सान्निध्य, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, श्रीमती धामी और विधायक यमकेश्वर रेणु बिष्ट ने माँ गंगा का पूजन, अभिषेक तथा दिव्य अति रुद्रम एवं शतचंडी महायज्ञ में वैदिक विधि-विधान से आहुतियाँ अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की निरंतर उन्नति, भारत की सुरक्षा, समृद्धि तथा सम्पूर्ण विश्व में शांति और सद्भाव के लिए विशेष प्रार्थना की। साथ ही देवभूमि उत्तराखंड की समृद्धि, प्राकृतिक संतुलन, कल्याण और आध्यात्मिक उन्नयन के लिए विशेष हवन में आहुति अर्पित की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि परमार्थ निकेतन में आयोजित अति रुद्रम एवं शतचंडी महायज्ञ एक अद्वितीय आध्यात्मिक स्पंदन है, जो मानवता के कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, विश्व शांति और आंतरिक जागरण का संदेश दे रहा है। यह आयोजन उत्तराखंड की आध्यात्मिक गरिमा, सनातन संस्कृति की शक्ति और राष्ट्र निर्माण की प्रेरक ऊर्जा का अद्भुत संगम है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खण्डूड़ी को सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- 'उनके निधन से एक युग का अवसान हुआ'

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी संस्कृति में बसती है, उत्तराखंड की शक्ति उसकी आध्यात्मिक चेतना में, और मानवता का भविष्य शांति, सेवा तथा सनातन मूल्यों में निहित है। इस दिव्य आयोजन में विश्व के अनेक देशों से आई 200 से अधिक विदूषियों ने वेदों के मंत्रों का सामूहिक गान किया। आठ दिवसीय अति रुद्रम एवं शतचंडी महायज्ञ अपने आप में अद्वितीय, विराट और अत्यंत शक्तिशाली आध्यात्मिक अनुष्ठान है। इस महायज्ञ में 15,000 रुद्रम मंत्रों का जाप, 1,500 रुद्र होम, 300 दुर्गा सप्तशती पाठ एवं 300 चंडी होम सम्पन्न हो रहे हैं। साथ ही रुद्रम, दुर्गा सप्तशती, रुद्र घनम्, रुद्र क्रमम्, महान्यासम्, अरुण प्राश्नम् अश्वमेधम तथा उदकाशांति आदि वैदिक अनुष्ठानों का भी विधिवत् आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *