गैरसैंण में उत्तराखंड विधानसभा सत्र का आगाज़, आज दोपहर पेश होगा अनुपूरक बजट
गैरसैंण में उत्तराखंड विधानसभा सत्र का आगाज़, आज दोपहर पेश होगा अनुपूरक बजट
आज का दिन रहेगा विधायी कार्यों और विधेयकों के नाम; 13 विधेयक बनेंगे अधिनियम, 9 नए विधेयक होंगे पुनःस्थापित
गैरसैंण (भराड़ीसैंण)। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के पहले दिन आज ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में विधायी कामकाज की गहमागहमी रहेगी। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे ‘वंदे मातरम’ के साथ प्रारंभ होगी। कार्यसूची के अनुसार, सबसे पहले सदन में दिवंगत हुए गणमान्य व्यक्तियों एवं पूर्व विधायकों के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके पश्चात् विधायी व सरकारी कामकाज औपचारिक रूप से शुरू होगा।
दोपहर 3 बजे आएगा अनुपूरक अनुदान मांगें
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार की अनुपूरक अनुदान मांगों को मुख्यमंत्री द्वारा दोपहर 3 बजे सदन के पटल पर रखा जाएगा। हाल ही में 24 अक्टूबर को आयोजित कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में भी दोपहर 3 बजे अनुपूरक बजट पेश करने का निर्णय लिया गया था।
दो प्रमुख अध्यादेश सदन के पटल पर
आज की कार्यसूची के मुताबिक, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री द्वारा ‘उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम (संशोधन) अध्यादेश 2026’ को सदन के पटल पर रखा जाएगा। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ‘उत्तराखण्ड माल और सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश’ को सदन में प्रस्तुत करेंगे।
13 विधेयकों को राज्यपाल की मंजूरी, आज बनेंगे कानून
वर्ष 2026 में विधानसभा द्वारा पारित किए गए 13 विधेयकों को राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जो आज औपचारिक रूप से अधिनियम (कानून) बन जाएंगे। इनमें प्रमुख हैं:
उत्तराखंड विनियोग विधेयक – 2026
समान नागरिक संहिता (UCC) उत्तराखंड संशोधन विधेयक
उत्तराखंड जन विश्वास उपबंधों का संशोधन अधिनियम
उत्तराखंड कारागार और सुधारात्मक सेवायें संशोधन विधेयक
उत्तराखंड भाषा संस्थान संशोधन विधेयक
उत्तराखंड दुकान और स्थापन – रोज़गार विनियम और सेवा शर्त संशोधन विधेयक
उत्तराखंड माल और सेवा कर संशोधन विधेयक
उत्तर प्रदेश लोक सेवा (शारीरिक रूप से विकलांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों एवं पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण) 1993 उत्तराखंड संशोधन विधेयक
उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग संशोधन विधेयक
उत्तराखंड सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक
उत्तराखंड देवभूमि परिवार विधेयक
उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2026
9 नए विधेयक पुनःस्थापना के लिए सूचीबद्ध
आज के सत्र में छह नए विधेयकों को पुनःस्थापित करने का प्रस्ताव है, जिनमें:
उत्तराखण्ड सिंचाई जल निकासी विधेयक 2026
उत्तराखण्ड राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबन्धन संशोधन विधेयक 2026
उत्तराखण्ड निवेश और आधारिक संरचना विकास और विनियमन संशोधन विधेयक 2026
उत्तराखण्ड जन विश्वास उपबन्धों का संशोधन द्वितीय विधेयक 2026
उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम संशोधन विधेयक 2026
उत्तराखण्ड सिविल विधि संशोधन विधेयक 2026
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री द्वारा ‘उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक 2026’ तथा ‘उत्तराखण्ड माल और सेवा कर संशोधन विधेयक 2026’ को पुनःस्थापित किया जाएगा। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा ‘उत्तराखण्ड निजी विश्वविद्यालय द्वितीय संशोधन विधेयक 2026’ सदन में रखा जाएगा। इस प्रकार कुल 9 विधेयक पुनःस्थापना के लिए सूचीबद्ध किए गए हैं।
