आस्था और लोक संस्कृति का संगम: बागेश्वर जनपद का प्रसिद्ध ‘सनगाड़ नवमी मेला’-शंकर दत्त पाण्डेय

नंदादेवी न्यूज़ विशेष आलेख / समाचार रिपोर्ट

आस्था और लोक संस्कृति का संगम: बागेश्वर जनपद का प्रसिद्ध ‘सनगाड़ नवमी मेला’–शंकर दत्त पाण्डेय

 

 

 

 

– चैत्र व आश्विन नवरात्र की नवमी पर श्री 1008 नौलिंग देव मंदिर में उमड़ती है श्रद्धालुओं की भारी भीड़

 

 

 

– ढोल-नगाड़ों की थाप पर देव डंगरियों का भव्य मिलन, झोड़ा-चांचरी और छपेली के रंगों से सराबोर होता है मेला परिसर

 

 

 

 

अल्मोड़ा/बागेश्वर। (शंकर दत्त पाण्डेय/विशेष  उत्तराखण्ड की देवभूमि अपनी समृद्ध धार्मिक परंपराओं, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक मेलों के लिए दुनियाभर में विशिष्ट पहचान रखती है। इसी कड़ी में बागेश्वर जनपद के सनगाड़ गांव स्थित श्री 1008 नौलिंग देव मंदिर का नवमी मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और कुमाऊँनी लोक संस्कृति के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध है। आश्विन नवरात्र की नवमी पर आयोजित होने वाले इस पारम्परिक मेले में दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु भगवान नौलिंग देव के दर्शन व आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचते हैं।

 

 

 

 

 

नौलिंग देवता की लोक आस्था और मान्यताएँ

स्थानीय लोक मान्यताओं के अनुसार नौलिंग देवता का संबंध भगवान मूलनारायण से जोड़ा जाता है। क्षेत्रीय परंपरा में मूलनारायण, नौलिंग और बंजैण देवताओं की विशेष मान्यता है। पौराणिक आख्यानों के अनुसार, सनगाड़ क्षेत्र में नौलिंग देवता ने एक अत्याचारी असुरी शक्ति से क्षेत्रवासियों की रक्षा की थी। इसी कारण उन्हें क्षेत्र के रक्षक देवता के रूप में पूजा जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  ​डॉ. ढाल सिंह बिसेन बनाए गए उत्तराखंड के नए राज्यपाल ​लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे डॉ. बिसेन।

 

 

 

 

 

 

मंदिर में निसंतान दंपतियों द्वारा संतान प्राप्ति और अन्य मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु पूजा-अर्चना की जाती है। मनौती पूरी होने पर श्रद्धालु घंटी, छत्र और पूजा सामग्री अर्पित करते हैं।

 

 

 

 

देव डंगरियों का अलौकिक मिलन मुख्य आकर्षण

मेले का सबसे भव्य और अलौकिक दृश्य तब देखने को मिलता है जब शामा, भनार, लीती, दानपुर और नाकुरी क्षेत्र से श्रद्धालु अपने-अपने ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर परिसर पहुँचते हैं। शामा और भनार से अवतरित होकर आए देव डंगरियों (पश्वा) की आगवानी जब सनगाड़ के देव डंगरियों द्वारा की जाती है, तो उनका पारंपरिक मिलन हर किसी को भावविभोर कर देता है।

 

 

 

 

धार्मिक व्यवस्था: मंदिर के मुख्य पुजारी मौहोली के धामी परिवार के सदस्य होते हैं, जबकि पंडित का कार्य प्रमुखतः गौखुरी के पंत, पचार तथा पठक्यूड़ा के स्थानीय ब्राह्मणों द्वारा संपन्न कराया जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  शारदीय नवरात्रि: अल्मोड़ा के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गूंजे मां के जयकारे अल्मोड़ा: देवभूमि उत्तराखंड में शक्ति की उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ हो गया है। पर्व के पहले दिन से ही अल्मोड़ा के ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। सुबह से ही नगर के प्रसिद्ध नंदा देवी मंदिर समेत विभिन्न देवीलयों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है, जिससे पूरा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। ऐतिहासिक नंदा देवी मंदिर में उमड़े भक्त उत्तराखंड की लोक आराध्य और कुमाऊँ-गढ़वाल की मुख्य संरक्षक देवी मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए अल्मोड़ा शहर के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर मां के चरणों में माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी तारा दत्त जोशी ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन से ही भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर मां की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। भक्तिमय माहौल और व्रत-अनुष्ठान मान्यता है कि उत्तराखंड में मां नंदा को मां पार्वती के स्वरूप के रूप में पूजा जाता है। नवरात्रि के इन पवित्र दिनों में श्रद्धालु व्रत रखकर मां दुर्गा और भगवती नंदा की आराधना कर रहे हैं। घरों और मंदिरों में घटस्थापना के साथ विशेष अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। वहीं, जगह-जगह दुर्गा पंडालों में माता की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिससे पूरे शहर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण है। परंपरा के अनुसार, नौ दिनों तक चलने वाले इन अनुष्ठानों का समापन नवमी के दिन कन्या पूजन और विशाल भंडारे के साथ होगा।

 

 

 

 

लोक संस्कृति का रंग: “सनगाड़ैकि रमुलि दीदी…”

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ यह मेला कुमाऊँनी लोक संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। मेले में झोड़ा, चांचरी और छपेली की देर रात तक गूँज रहती है। क्षेत्र का प्रसिद्ध पारंपरिक झोड़ा “सनगाड़ैकि रमुलि दीदी…” मेले का विशेष आकर्षण रहता है। राजकीय इंटर कॉलेज सनगाड़ के विद्यार्थियों व स्थानीय सांस्कृतिक दलों द्वारा दी जाने वाली रंगारंग प्रस्तुतियां युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं।

 

 

 

 

 

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा

मेले से स्थानीय छोटे व्यापारियों, हस्तशिल्पकारों और ग्रामीणों को आर्थिक संबल मिलता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्र में होम-स्टे (Home-stay) की शुरुआत भी हो चुकी है। मंदिर तक पक्की सड़क पहुँचने से आवागमन सुगम हुआ है, वहीं नाकुरी क्षेत्र को भी जल्द सड़क मार्ग से जोड़ने के प्रयास जारी हैं।

 

 

 

 

क्षेत्रीय जनता ने सनगाड़ नवमी मेले को ‘राजकीय मेला’ घोषित करने की मांग उठाई है, ताकि जनपद एवं प्रदेश स्तर पर इसे पर्यटन और धार्मिक मानचित्र पर और अधिक भव्यता दी जा सके।