उत्तराखंड में यहाँ भीषण सड़क हादसा, पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस; 20 यात्री घायल
गूलर बाजार के समीप भीषण सड़क हादसा, पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस; 20 यात्री घायल
हादसे के समय बस में सवार थे करीब 30-35 यात्री, एसडीआरएफ और पुलिस का युद्धस्तर पर बचाव अभियान जारी
ऋषिकेश/टिहरी, ब्यूरो। गूलर बाजार के समीप आज प्रातः एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गहरे गदेरे (खाई) में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस में लगभग 30 से 35 व्यक्ति सवार थे।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ (SDRF) पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की रेस्क्यू टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गदेरे की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक लगभग 20 यात्रियों को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों को भी घटनास्थल हेतु रवाना किया गया है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है तथा एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा आपसी समन्वय स्थापित कर शेष यात्रियों की तलाश व बचाव कार्य लगातार जारी है।
