अल्मोड़ा में 18वें राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन का आगाज, कुमाउंनी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की उठी जोरदार मांग

अल्मोड़ा में 18वें राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन का आगाज, कुमाउंनी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की उठी जोरदार मांग

 

 

 

अल्मोड़ा: शिखर सभागार में 18वें राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन का शानदार आगाज हुआ। दो दिवसीय इस सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तराखंड भाषा संस्थान के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता प्रो. केसी जोशी ने कुमाउंनी भाषा के प्राचीन इतिहास, साहित्य और इसकी समृद्ध परंपरा पर विस्तृत प्रकाश डाला।

 

मुख्य अतिथि प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि साहित्य की हर विधा के निश्चित मानक हैं और हमें उन्हीं मानकों के अनुरूप साहित्य सृजन करना चाहिए। उन्होंने सरकार द्वारा साहित्यकारों के लिए संचालित 22 प्रकार की सम्मान व पुरस्कार योजनाओं की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें 👉  सरकारों को निजी स्वार्थ त्याग कर उत्तराखंड के विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए:गणेश गोदियाल

मुख्य वक्ता प्रो. केसी जोशी ने बताया कि कुमाउंनी एक प्राचीन भाषा है, जिसका उल्लेख 989 ईसवीं के ताम्रपत्रों में भी मिलता है। उन्होंने कहा कि 1728 ईसवीं में राम चंद्र त्रिपाठी द्वारा ‘चाणक्य नीति’ का कुमाउंनी में अनुवाद किया गया था। वक्ताओं ने एक स्वर में मांग उठाई कि कुमाउंनी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाए और इसे रोजगार व प्राथमिक शिक्षा से जोड़ा जाए, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ी रहे।

 

सम्मेलन का विशेष आकर्षण 90 वर्षीय वयोवृद्ध साहित्यकार गोपाल दत्त भट्ट रहे, जिन्होंने अपने जोशीले संबोधन में कुमाउंनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने और राजनीतिक दलों के घोषणा पत्रों में इसे प्राथमिकता देने की वकालत की। इस दौरान अतिथियों द्वारा आनंद सिंह बिष्ट ‘आनंद’ की पुस्तक ‘हरी सागक रूजगार’ का विमोचन किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत: हल्द्वानी रोड पर चलती कार में अचानक लगी आग, फायर सर्विस ने सूझबूझ से पाया काबू; टला बड़ा हादसा

 

 

 

समारोह में नेहरू युवा केंद्र के पूर्व निदेशक दयानंद आर्य, पंतनगर विवि के पूर्व कुलपति प्रो. बीएस बिष्ट, वृक्षमित्र किशन मलाड़ा, साहित्यकार नारायण सिंह लोधियाल, मेयर अजय वर्मा और ‘पहरू’ पत्रिका के संपादक डॉ. हयात सिंह रावत सहित दिल्ली, लखनऊ, रुद्रपुर और विभिन्न पर्वतीय जिलों से आए भाषा प्रेमी व साहित्यकार उपस्थित रहे।

Advertisement