रुड़की में देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल से होमगार्ड समेत तीन महिलाएं गिरफ्तार
रुड़की में देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल से होमगार्ड समेत तीन महिलाएं गिरफ्तार
सिविल लाइन कोतवाली पुलिस की बस स्टैंड के पास बड़ी कार्रवाई
ग्राहकों को होटल तक पहुंचाने में ई-रिक्शा चालकों की भूमिका भी संदिग्ध
रुड़की (हरिद्वार)
शिक्षा नगरी के रूप में प्रसिद्ध रुड़की में अवैध देह व्यापार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। विशेष रूप से रोडवेज बस स्टैंड और इसके आसपास के इलाके इन अनैतिक गतिविधियों का अड्डा बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल में छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और एक होमगार्ड जवान को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया है।
सूचना पर पुलिस की अचानक दबिश सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोडवेज बस स्टैंड के पास एक होटल में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने देर शाम होटल में अचानक दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई से होटल परिसर में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग कमरों से तीन महिलाओं और एक होमगार्ड जवान को हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी आरोपियों को कोतवाली ले आई, जहां पूछताछ के बाद उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ई-रिक्शा चालकों की मिलीभगत की आशंका स्थानीय लोगों और व्यापारियों के मुताबिक, रोडवेज बस स्टैंड से लेकर शताब्दी द्वार तक के क्षेत्र में सुबह से ही संदिग्ध महिलाओं का जमावड़ा लग जाता है, जो राहगीरों और यात्रियों को अपने जाल में फंसाती हैं। इस पूरे नेटवर्क में कुछ स्थानीय ई-रिक्शा चालकों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। आरोप है कि ये चालक ग्राहकों को महिलाओं से मिलवाने और उन्हें सुरक्षित ठिकानों (होटलों) तक पहुंचाने में बिचौलिए का काम करते हैं।
जमानत पर छूटकर फिर सक्रिय हो जाते हैं आरोपी गौरतलब है कि सिविल लाइन पुलिस द्वारा पूर्व में भी इस क्षेत्र में अभियान चलाकर कई महिलाओं और दलालों पर कार्रवाई की गई है। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत पर बाहर आने के बाद ये लोग दोबारा इसी धंधे में सक्रिय हो जाते हैं। शहर के मुख्य मार्ग और शिक्षण संस्थानों के करीब चल रही इन गतिविधियों से आम नागरिकों और व्यापारियों में भारी रोष है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से होटल संचालकों और इस सिंडिकेट से जुड़े ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ भी सख्त और स्थायी कार्रवाई करने की मांग की है।
