Almora News:जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में आज एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी, जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है।

यह विशेष टीकाकरण अभियान आगामी 3 माह तक संचालित किया जाएगा। अभियान की अवधि पूर्ण होने के उपरांत एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम (Routine Immunisation Program) में शामिल कर दिया जाएगा, जिससे पात्र बालिकाओं को निरंतर लाभ मिलता रहे।

कार्यक्रम में अपर जिला अधिकारी अल्मोड़ा सुश्री युक्त मिश्रा, मेयर अल्मोड़ा श्री अजय वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार तथा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बालिकाओं एवं अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया और अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।

लॉन्च दिवस पर कुल 9 लाभार्थी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से टीकाकरण प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

यह भी पढ़ें 👉  देवभूमि में अलौकिक आस्था का केंद्र: ठंड के मौसम में खिलता है भगवान शिव का अतिप्रिय दुर्लभ 'ब्रह्म कमल'

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को समय पर टीकाकरण हेतु अवश्य लाएं।

यह भी पढ़ें 👉  ​डॉ. ढाल सिंह बिसेन बनाए गए उत्तराखंड के नए राज्यपाल ​लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे डॉ. बिसेन।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान जिले के सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग, अल्मोड़ा द्वारा जनपदवासियों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि बालिकाओं को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित किया जा सके।