Almora News:नारी सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम,निःशुल्क सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ,उम्मीद फाउंडेशन की पहल से महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का अवसर

0
ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा-महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए निःशुल्क सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण केन्द्र का उद्घाटन किया गया।यह प्रशिक्षण केन्द्र उम्मीद फाउंडेशन होप फॉर ह्यूमन द्वारा संचालित किया जा रहा है,जिसका उद्देश्य महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाओं का आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के प्रशिक्षण केन्द्र न केवल महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं, उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना समाज के समग्र विकास के लिए जरूरी है, और इस दिशा में यह केन्द्र एक सकारात्मक पहल साबित होगा। अपने संबोधन पर गंगा बिष्ट राज्य महिला उद्यमिता परिषद उपाध्यक्ष दर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार और समाज दोनों का दायित्व है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं।उन्होंने कहा कि सिलाई–कढ़ाई जैसे कौशल महिलाओं को घर बैठे रोजगार उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं। उन्होंने उम्मीद फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल कई महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम बनेगी।
उम्मीद फाउंडेशन के प्रतिनिधि नरेंद्र मेहरा ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि फाउंडेशन लंबे समय से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण केन्द्र के माध्यम से महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस प्रकार के और केन्द्र खोलने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।कार्यक्रम में उपस्थित राजेंद्र सिंह रौतेला ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं और समाज के अन्य वर्गों से भी ऐसे प्रयासों में सहयोग करने का आह्वान किया।इस अवसर पर मुख्य रूप से बीना नयाल, रमेश जोशी, हयात सिंह बिष्ट,देवेन्द्र कर्नाटक,ललित बिष्ट, अभिषेक तिवारी,दिनेश कुमार, प्रकाश मेहता,ममता बिष्ट, किरण बिष्ट,पूजा बगड़वाल, पिंकी बिष्ट एवं हीरा कनवाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
इस प्रशिक्षण केन्द्र में महिलाओं को सिलाई और कढ़ाई के विभिन्न तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपने कौशल को विकसित कर सकें। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं या विभिन्न उद्योगों में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकती हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि वे आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने उम्मीद फाउंडेशन की पूरी टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह केन्द्र आने वाले समय में अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा और उन्हें एक नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *