नाबालिग बालक से कुकर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
नाबालिग बालक से कुकर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालक के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को साईं घाट जाने वाले मार्ग से घेराबंदी कर दबोचा।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, वीरपुर खुर्द (नेहरूग्राम) निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रोहित पुत्र गोपाल सिंह ने उनके नाबालिग पुत्र के साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश द्वारा एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आईडीपीएल क्षेत्र में सुरागरसी तेज की। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते पर खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित (23 वर्ष) पुत्र गोपाल सिंह, मूल निवासी ग्राम राजपुर खुर्द, थाना लक्सर (हरिद्वार) और हाल निवासी गली नंबर 12, विस्थापित कॉलोनी, वीरपुर खुर्द, ऋषिकेश बताया।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा, कांस्टेबल उदयवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
