काशीपुर के फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका; डेढ़ दर्जन दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
काशीपुर के फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका; डेढ़ दर्जन दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
काशीपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में चीमा चौराहे के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फर्नीचर के एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि आसपास के इलाके में भारी दहशत फैल गई। आग की लपटों ने गोदाम में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी थे।
शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी से आग लगने की आशंका संवाददाता निजामुद्दीन शेख के अनुसार, काशीपुर के व्यस्ततम चीमा चौराहे के पास स्थित इस गोदाम में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पल में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। गोदाम के भीतर बड़ी मात्रा में फर्नीचर, फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। शुरुआती अनुमानों में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी की चिंगारी से फोम द्वारा आग पकड़ना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
औद्योगिक इकाइयों की मदद से डेढ़ दर्जन दमकल वाहन मौके पर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए काशीपुर के अलावा इंडिया ग्लाइकोल लिमिटेड, नैनी पेपर मिल और सिद्धार्थ पेपर मिल जैसी विभिन्न औद्योगिक इकाइयों तथा आसपास के क्षेत्रों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। आग बुझाने के लिए कुल डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जिन्हें भीषण लपटों पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों में दहशत, घरों तक आग पहुंचने का डर अग्निकांड की खबर फैलते ही घटनास्थल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस बल को भीड़ नियंत्रित करने और दमकल वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खाली कराने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, गोदाम के आसपास बने रिहायशी मकानों में रहने वाले परिवारों की स्थिति सबसे ज्यादा डरावनी रही। अपने घरों तक आग पहुंचने की आशंका से सहमे लोग बुरी तरह घबरा गए और कई परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रशासन और दमकल विभाग स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।
