बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाटबंदी की प्रक्रिया शुरू, आज से पंच पूजाओं का शुभारंभ

बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाटबंदी की प्रक्रिया शुरू, आज से पंच पूजाओं का शुभारंभ

 

 

 

16 नवंबर को रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे श्री बदरीविशाल के कपाट

अब तक रिकॉर्ड 22 लाख 73 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, सिंहद्वार परिसर में उमड़ा जनसैलाब

 

 

 

 

बदरीनाथ धाम : भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की वैदिक प्रक्रिया के तहत गुरुवार (12 नवंबर) से पारंपरिक ‘पंच पूजाओं’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। कपाटबंदी से पूर्व भगवान बदरीविशाल के अंतिम दर्शनों के लिए धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। मंदिर का सिंहद्वार परिसर सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आ रहा है।

 

 

 

यात्रा के अंतिम चरण में तीर्थयात्रियों का उत्साह चरम पर है। अकेले बुधवार को करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए। वहीं, इस वर्ष कपाट खुलने से लेकर अब तक रिकॉर्ड 22 लाख 73 हजार से अधिक तीर्थयात्री श्री हरि नारायण के दर्शनों का पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा में उमड़ती भीड़ को संभालने के लिए बनेगा नया रोडमैप: बद्री-केदार मंदिर समिति ने बढ़ाई तैयारी

 

 

 

 

पंच पूजाओं और कपाटबंदी का पूरा कार्यक्रम:

वैदिक परंपरा के अनुसार, मुख्य मंदिर के कपाट बंद होने से पहले पांच दिनों तक विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपादित किए जाते हैं। इसका विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार है:

12 नवंबर (पहला दिन): पंच पूजाओं के शुभारंभ के साथ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी की विशेष पूजा-अर्चना होगी और शाम को श्री गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

13 नवंबर (दूसरा दिन): अन्नकूट उत्सव के पश्चात आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  बद्रीनाथ धाम की पहाड़ियों पर भड़की भीषण आग, 2 किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें; तीन दिन में दूसरी घटना से क्षेत्र में चिंता

14 नवंबर (तीसरा दिन): खड्ग-पुस्तक पूजन के साथ मंदिर में वेद ऋचाओं का नियमित वाचन बंद कर दिया जाएगा।

 

 

 

 

15 नवंबर (चौथा दिन): माता लक्ष्मी जी को कढ़ाई भोग अर्पित कर उन्हें श्री बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने का आमंत्रण दिया जाएगा।

16 नवंबर (पांचवां दिन): रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए आधिकारिक रूप से बंद कर दिए जाएंगे।

17 नवंबर (डोली प्रस्थान): प्रातःकाल भगवान उद्धव जी, कुबेर जी, आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी और गरुड़ जी की उत्सव डोलियां अपने-अपने शीतकालीन प्रवास स्थल (पांडुकेश्वर और श्री नृसिंह मंदिर, जोशीमठ) के लिए प्रस्थान करेंगी।

Advertisement