अल्मोड़ा का ऐतिहासिक ‘मिलन चौक’: जहाँ कभी सिर्फ लोग नहीं, विचार भी मिला करते थे :- चन्द्र शेखर पांडेय की कलम से

अल्मोड़ा का ऐतिहासिक ‘मिलन चौक’: जहाँ कभी सिर्फ लोग नहीं, विचार भी मिला करते थे
चन्द्र शेखर पांडेय की कलम से
अल्मोड़ा। डिजिटल क्रांति और सोशल मीडिया के दौर में आज भले ही संवाद के तरीके बदल गए हों, लेकिन अल्मोड़ा का ऐतिहासिक ‘मिलन चौक’ आज भी उस दौर की याद दिलाता है जब आमने-सामने की मुलाकातें ही विचारों और सामाजिक बहसों का मुख्य केंद्र हुआ करती थीं। वरिष्ठ लेखक चन्द्र शेखर पांडेय ने अपने संस्मरण के जरिए मिलन चौक के उस बौद्धिक और सांस्कृतिक परिवेश को रेखांकित किया है।
उन्होंने बताया कि बिना मोबाइल और व्हाट्सऐप के दौर में शाम ढलते ही मिलन चौक पर लोगों की महफिल जुटती थी। एक दिन पहले तय किए गए समय पर शहर के लेखक, शिक्षक, छात्र, विचारक और प्रबुद्ध नागरिक यहाँ एकत्र होते थे। चाय की चुस्कियों और पान की दुकानों के आसपास होने वाली ये मुलाकातें केवल औपचारिक बातचीत तक सीमित नहीं थीं, बल्कि शहर, समाज, साहित्य, राजनीति और पहाड़ के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों पर मंथन का जरिया बनती थीं।
आज के समय में संवाद की भौतिक दूरियां भले ही खत्म हो गई हों, लेकिन मिलन चौक उस दौर का जीवंत प्रतीक बना हुआ है जब लोगों के पास एक-दूसरे को सुनने का धैर्य और आमने-सामने बैठकर विचार-विमर्श करने की समृद्ध परंपरा थी। ‘मिलन चौक’ केवल एक भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की बौद्धिक और सांस्कृतिक विरासत का एक अमूल्य अध्याय है।