नैनीताल के घने रिहायशी इलाके में नर और मादा गुलदार की दस्तक, CCTV में कैद हुई चहलकदमी; निवासियों में दहशत

 

नैनीताल के घने रिहायशी इलाके में नर और मादा गुलदार की दस्तक, CCTV में कैद हुई चहलकदमी; निवासियों में दहशत

 

 

 

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में अब गुलदार केवल जंगलों तक सीमित न रहकर सीधे लोगों के घरों के दरवाजों और आंगनों तक पहुँचने लगे हैं। मल्लीताल स्थित सीआरएसटी इंटर कॉलेज के पीछे बसे घने रिहायशी इलाके में लगातार गुलदारों की आहट से स्थानीय निवासियों की रातों की नींद उड़ी हुई है। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र मालरोड स्थित प्रसिद्ध ग्रैंड होटल और नानक होटल से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिसके ठीक सामने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) रोहिताश शर्मा का भी निवास है।

 

 

 

 

स्थानीय निवासी मोहम्मद दिलावर खान के घर के आंगन में बीते दिनों नर और मादा गुलदारों की चहलकदमी सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हुई है। दिलावर खान ने बताया कि इलाके में किसी वन्यजीव की लगातार मौजूदगी की आशंका होने पर उन्होंने पिछले महीने ही अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगवाया था।

यह भी पढ़ें 👉  श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए जागेश्वर धाम से मथुरा 'कार सेवा' यात्रा का आगाज; 6 दिसंबर को शौर्य दिवस पर मथुरा पहुंचने का आह्वान

 

 

 

 

दिलावर खान के अनुसार, “27 तारीख को पहली बार मेरे घर के आंगन में गुलदार चहलकदमी करता नजर आया। जब सीसीटीवी फुटेज चेक की तो गुलदार कैमरे के सामने से टर्न होता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद कल रात फिर से गुलदार आंगन में घूमता नजर आया, जो आकार में पहले वाले गुलदार से काफी बड़ा था।”

 

 

 

 

उन्होंने क्षेत्रवासियों और देर रात काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए संयमित दृष्टिकोण रखा: “हम अपनी सुरक्षा के लिए समय पर घर लौट आते हैं। लेकिन वे भी बेजुबान जानवर हैं, उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। होटल या दुकानों में काम करने वाले लोगों से निवेदन है कि रात में समय से घर लौटें। वन्यजीव सुरक्षित रहें और हम भी सुरक्षित रहें, यही हमारी मंशा है।”

 

यह भी पढ़ें 👉  गोवर्धन पर्व पर गोसदन ज्योली में गोसंवर्धन यज्ञ सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने लिया गौसंरक्षण का संकल्प

 

 

 

स्थानीय लोगों की अपील व सावधानियाँ: गुलदारों की आवाजाही को देखते हुए स्थानीय लोगों ने देर रात तक काम करने वाले होटल, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को सतर्क रहने, अंधेरा होने से पहले घर पहुँचने तथा रात में बाहर निकलते समय साथ में डंडा रखने की सलाह दी है।

 

 

 

 

 

इलाके में नर और मादा दोनों गुलदारों की सक्रियता को देखते हुए दिलावर खान एवं स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल प्रभाव से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके और आम जनता को राहत मिल सके।

Advertisement