उत्तराखंड में यहाँ दर्दनाक हादसा: पुराने मकान में भीषण आग से सेवानिवृत्त ANM पार्वती जैन की जिंदा जलकर मौत

मोरी में दर्दनाक हादसा: पुराने मकान में भीषण आग से सेवानिवृत्त ANM पार्वती जैन की जिंदा जलकर मौत
उत्तरकाशी (विशेष संवाददाता)। सीमांत ब्लॉक मोरी के आराकोट क्षेत्र से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। यहाँ एक पुराने रिहाइशी मकान में अचानक भीषण आग लग जाने से 22 वर्ष पूर्व स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुई एएनएम (ANM) पार्वती जैन (उम्र लगभग 82 वर्ष) की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एएनएम पद से सेवानिवृत्त होने के बाद से ही पार्वती जैन उक्त पुराने भवन में अकेली रह रही थीं। मंगलवार को अचानक उनके मकान में भीषण आग भड़क उठी। जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते और राहत-बचाव कार्य शुरू करते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से वयोवृद्ध पार्वती जैन की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के अनुसार आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस मृतका के परिजनों व रिश्तेदारों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है ताकि घटना की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा सके। इस दुखद हादसे से पूरे आराकोट क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।