Almora News:अल्मोड़ा SSJ परिसर: छात्रसंघ चुनाव में 1 वोट से जीत पर बवाल, रीकाउंटिंग के बाद लॉटरी से सुमित जोशी बने उपाध्यक्ष

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव के उपाध्यक्ष पद का परिणाम रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। एक मत के अंतर से घोषित जीत के बाद छात्रों के हंगामे और आपत्ति पर दोबारा मतगणना कराई गई।
दोबारा मतगणना के बाद परिणाम बदल गया और पहले जीते हुए प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। दरअसल, रिकाउंटिंग में दोनों प्रमुख प्रत्याशियों के मत बराबर निकलने के बाद लाटरी पद्धति से परिणाम निकाला गया, जिसमें सुमित जोशी विजयी घोषित हुए।
पहले चरण की मतगणना में यलो आर्मी के प्रत्याशी भाष्कर जोशी को 959 मत मिले थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी को 958 मत प्राप्त हुए। तीसरे प्रत्याशी सुमित जोशी पुत्र चंद्रशेखर जोशी को 51 मत मिले थे।
महज एक मत के अंतर से भाष्कर जोशी को विजेता घोषित किए जाने के बाद परिसर में छात्रों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
छात्रों की आपत्ति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने उपाध्यक्ष पद की दोबारा मतगणना कराने का निर्णय लिया।
रिकाउंटिंग में भाष्कर जोशी और सुमित जोशी के मत बराबर पाए गए। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया के तहत लाटरी पद्धति से परिणाम निकाला गया। इसमें सुमित जोशी के पक्ष में परिणाम आने पर उन्हें उपाध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किया गया।
परिणाम बदलने से परिसर में छात्र राजनीति का माहौल देर शाम तक गरमाया रहा। छात्रों ने जमकर हंगामा काटा पुलिस मामले को शांत करने में जुटी रही।