Uttrakhand News:UKSSSC की बड़ी परीक्षा स्थगित: 23 अगस्त को होने वाली कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा टली, जानें क्या है वजह
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 एवं वैयक्तिक सहायक (सिविल न्यायालय एवं कुटुंब न्यायालय) के 358 पदों के लिए 23 अगस्त को प्रस्तावित लिखित प्रतियोगी परीक्षा इसी दिन प्रवक्ता रसायन विज्ञान की परीक्षा व मौसम की बढ़ती दुश्वारियों के चलते स्थगित कर दी है।
आयोग ने यह निर्णय एक ही दिन दो-दो परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदन और मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए लिया है। परीक्षा की नई तिथि बाद में आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि 15 जून, 2026 को उक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके बाद 25 जून को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से लिखित परीक्षा 23 अगस्त को प्रस्तावित की गई थी।
इस बीच कई अभ्यर्थियों ने आयोग को प्रत्यावेदन भेजकर बताया कि इसी दिन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार की ओर से प्रवक्ता (रसायन शास्त्र) की लिखित परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। ऐसे में उनके लिए दोनों परीक्षाओं में शामिल होना संभव नहीं होगा।
इसके अलावा मौसम विभाग ने परीक्षा तिथि और उससे पूर्व के दिनों में प्रदेश में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित खराब मौसम और आवागमन की कठिनाइयों को देखते हुए आयोग ने परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया।
आयोग ने बताया कि परीक्षा की संशोधित तिथि शीघ्र आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे नवीनतम जानकारी आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर देखते रहें।