उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता: सीएम धामी
उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता: सीएम धामी
विशेष संवाददाता देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार (नैनीताल) के निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किए जाएं और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप ही होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, स्पोर्ट्स साइंस एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र (High-Performance Training Centre) तथा खेल शिक्षा व अनुसंधान से जुड़ी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएं।
नियमित समीक्षा और पारदर्शिता पर जोर मुख्यमंत्री धामी ने परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करने, निर्माण कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और तकनीकी मानकों का कठोरता से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपस में प्रभावी समन्वय बनाकर काम करें ताकि यह महत्वाकांक्षी परियोजना बिना किसी देरी के धरातल पर उतरे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ राज्य को खेल उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगी।