Weather Update:उत्तराखंड में थमा बारिश का दौर, खिली तेज धूप; मैदानी इलाकों में उमस बढ़ी, पहाड़ों के लिए यलो अलर्ट
उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का सिलसिला फिलहाल धीमा पड़ गया है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और पहाड़ से लेकर मैदान तक अच्छी धूप खिली।
धूप निकलने से मैदानी क्षेत्रों में अचानक गर्मी और उमस बढ़ गई, जबकि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहे। आज भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार रह सकता है।
हालांकि, पहाड़ों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
राजधानी देहरादून में दिनभर तेज धूप खिलने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम साफ होने के कारण प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
लगातार बारिश के बाद अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को फिर से पसीना बहाने पर मजबूर कर दिया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।
हालांकि, मंगलवार को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
🌸विभिन्न शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 34.8, 24.8
पंतनगर, 35.8, 28.6
मुक्तेश्वर, 27.8, 14.6
नई टिहरी, 26.5, 15.2