Almora News:अल्मोड़ा: बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिलाधिकारी सख्त, नकल करने या कराने पर होगी कठोर कार्रवाई
बोर्ड परीक्षाओं को पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के निर्देश।आगामी 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं नकलविहीन संचालन के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षाएं पूर्णतः निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तत्काल तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, जिसमें सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था, सीसीटीवी, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर आदि की समुचित व्यवस्था शामिल है।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों का रैंडम निरीक्षण/चेकिंग करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में उत्तराखंड सरकार द्वारा लागू सख्त नकल विरोधी कानून का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे परीक्षार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन को कानून के प्रावधानों की जानकारी मिल सके और नकल जैसी कुप्रथा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान पूर्ण जिम्मेदारी और सजगता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, बेसिक, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी तथा वर्चुअली रूप से सभी उपजिलाधिकारी शामिल रहे।
जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा।
