ख़बर शेयर करें -

जनपद अल्मोड़ा में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। प्रातःकाल नंदा देवी मंदिर से मुख्य बाजार होते हुए चौघानपाटा तक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिकों ने सहभागिता की। प्रभात फेरी के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने झंडा फहराकर  तिरंगे को सलामी दी। जिलाधिकारी ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई तथा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व—को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और कर्तव्यों का निर्वहन अत्यंत आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:रामनगर का लाल चमका पूरे उत्तराखंड में, अक्षत गोपाल ने10वी ने 98.2% के साथ रचा इतिहास

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उनके योगदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण हेतु प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है तथा शासन-प्रशासन जनहित में निरंतर कार्यरत है। समय के साथ साथ हमें स्वयं को अद्यतन रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।

जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता के तहत समस्त प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत मतदान महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:केदारनाथ धाम के खुले कपाट मंत्रों उच्चरण के साथ अगले 6 महीने के लिए खोले गए कपाट

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण भी किया गया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डेयरी विभाग के एटीएम दुग्ध वाहन का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस पहल से दुग्ध उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित, जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति गीतों एवं नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहा।

जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *