Almora News:निकायों को आर्थिक मजबूती देना जरूरी:करन प्रदेश में शानदार जीत दर्ज करेगी कांग्रेस,कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता

0
ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा 12 जनवरी : नगर निकायों को आर्थिक तौर पर मजबूत किए बगैर नगरों का अपेक्षित विकास संभव नहीं है। प्रदेश सरकार ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए बजट की व्यवस्था किए बगैर नगर पंचायत, पालिका और निगम बना दिए। कांग्रेस नगर निकायों को आर्थिक तौर पर सक्षम बनाने के लिए सरकार पर दबाव बनाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेश के निकाय चुनाव में पार्टी के बहुमत के साथ जीत हासिल करने का वादा किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अल्मोड़ा में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने नगरीकरण का स्वागत किया, लेकिन बजट की व्यवस्था किए बगैर नई नगर पंचायत, पालिका और निगम बनाए जाने पर सवाल भी खड़े किए। कहा अब तक जनसंख्या के अनुपात में वित्त आयोग की सिफारिश पर ही नगर निकायों को सरकार बजट दे रही है। यह धनराशि वेतन और पेंशन मद लिए ही कम पड़ती है। ऐसे में नगर का विकास संभव नहीं है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में जनसंख्या का घनत्व कम होने से निकायों को विकास के लिए जरूरत के  मुताबिक बजट नहीं मिल पाता। इस मामले में कांग्रेस पार्टी सरकार पर दबाव बनाएगी ताकि निकायों को अधिक बजट मिले और वह भविष्य में आर्थिक रूप से मजबूत हो सकें। श्री माहरा ने पार्टी से खुली बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में उतरे पिथौरागढ़ के विधायक और कांग्रेस छोड़ दूसरे दलों में शामिल हो चुके लोगों पर भी तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि यदि विधायक को पार्टी की आवश्यकता नहीं है तो नैतिकता के आधार पर उन्हें विधायक पद छोड़ देना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनाव में राज्य की अधिकांश सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कांग्रेस के पास निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और नगरों के सुनियोजित विकास की योजना है। पार्टी ने घोषणा पत्र में इस विजन को सार्वजनिक किया है। श्री माहरा ने कहा अल्मोड़ा सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है। इसे सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर आगे बढ़ाने को सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। विधायक मनोज तिवारी, कांग्रेस प्रत्याशी भैरव गोस्वामी ने नगर के विकास को लेकर योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी, आनंद सिंह बगडवाल, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, दीपक कुमार आदि मौजूद थे। 

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:पटवारी भर्ती परीक्षा मामला: कथित 'मास्टरमाइंड' हाकम सिंह को हाईकोर्ट से मिली जमानत

🌸भाजपा के अजीत कांग्रेस में शामिल

निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं का दल बदल जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की उपस्थिति में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता पूर्व सभासद और दशहरा समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की कांग्रेस में शामिल हो गए। उनका परिवार जन संघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहा। श्री कार्की भी लंबे समय से भाजपा में सक्रिय थे। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने पर प्रदेश अध्यक्ष माहरा, विधायक मनोज तिवारी और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। पिछले दिनों कांग्रेस और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता पार्टी छोड़ दूसरे दलों में शामिल हो गए थे। चुनाव से पहले तक दल बदल का यह खेल देखने को मिल सकता है। 

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:उत्तराखंड में साल 2026 की पहली बर्फबारी: केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में बिछी सफेद चादर, पांच जिलों में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट

🌸माहरा ने नुक्कड़ सभा कर भैरव के लिए मांगे वोट 

भाजपा का प्रचार भी जोरों पर

अल्मोड़ा 12 जनवरी :कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा ने राजपुर और एनटीडी में नुक्कड़ सभाएं कर कांग्रेस के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा भाजपा सरकारें झूठे वादे और समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करतीं हैं । कांग्रेस पार्टी ही समाज को जोड़ने और गांव से लेकर प्रदेश का सुनियोजित विकास करने में सक्षम है। निकाय चुनाव में मतदाता कांग्रेस प्रत्याशियों को जीता कर भाजपा के खोखले वादों, जन विरोधी नीतियों और हिटलर शाही का करारा जवाब देंगे। 

अलग-अलग सभाओं में बोलते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार पर विपक्ष के प्रतिनिधियों के साथ पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का काम करने का तरीका अलोकतांत्रिक है। वह भय, भ्रम और वैमनस्य फैलाकर समाज को बांटने का षड्यंत्र कर रही है। कांग्रेस पार्टी निकाय चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने लोगों से पार्टी प्रत्याशी भैरव गोस्वामी को वोट देने की अपील की। विधायक मनोज तिवारी, मेयर प्रत्याशी भैरव गोस्वामी आदि ने भी विचार रखे। अलग-अलग सभाओं में फूलचंद महर, शोभा जोशी, अमन अंसारी, पीतांबर पांडे, मनोज वर्मा, भूपेंद्र भोज, परितोष जोशी, अशोक पांडे, विनोद वैष्णव, अबूजर, दीपा शाह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *