किच्छा में दिनदहाड़े दहशत: हथियारबंद बदमाशों ने काली स्कॉर्पियो को घेरा, मारपीट के बाद की फायरिंग

किच्छा में दिनदहाड़े दहशत: हथियारबंद बदमाशों ने काली स्कॉर्पियो को घेरा, मारपीट के बाद की फायरिंग

 

 

  • वारदात का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद
  • हमलावरों में पुराने हिस्ट्रीशीटरों के शामिल होने की आशंका, पुलिस ने तेज की तलाश

 

 

किच्छा (उधम सिंह नगर)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। सफेद रंग की कार से आए हमलावरों ने एक काली स्कॉर्पियो को घेरकर चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान बचाकर भागने का प्रयास करने पर पीछा करते हुए फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पूरी घटना घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्पात मचा रहे युवकों को टोकने पर सुरक्षा गार्ड की चाकू गोदकर हत्या, तीन घायल

 

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवास विकास क्षेत्र में पहले एक सफेद कार आकर रुकी, जिसमें से हथियारबंद युवक नीचे उतरे। इसके तुरंत बाद उन्होंने वहां से गुजर रही एक काली स्कॉर्पियो को घेर लिया और वाहन चालक के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों के तेवर देख चालक ने किसी तरह गाड़ी भगाकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने उसका पीछा करते हुए फायरिंग झोंक दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम धामी ने किया दस दिवसीय झनकईया मेले का शुभारंभ

 

 

 

प्रारंभिक जांच में इस सनसनीखेज वारदात में क्षेत्र के कुछ पुराने हिस्ट्रीशीटरों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं, जिनमें हमलावरों की हरकतें और वाहन साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Advertisement