सीएम धामी ने किया दस दिवसीय झनकईया मेले का शुभारंभ
सीएम धामी ने किया दस दिवसीय झनकईया मेले का शुभारंभ
बचपन की यादें ताजा कर बोले मुख्यमंत्री— कक्षा चार से 22 पुल स्थित इस मेले से रहा है गहरा जुड़ाव
खटीमा भारत-नेपाल सीमा पर लगने वाले प्रसिद्ध दस दिवसीय झनकईया मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हो गया। गंगा स्नान पर्व के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत उद्घाटन किया। यह मेला सीमावर्ती क्षेत्र की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और भारत-नेपाल के सदियों पुराने सामाजिक रिश्तों का जीवंत प्रतीक है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी भावुक नजर आए और उन्होंने इस मेले से जुड़ी अपने बचपन की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि झनकईया मेले से उनका बेहद गहरा और आत्मीय जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे कक्षा चार में पढ़ने के समय से ही 22 पुल स्थित इस मेले में लगातार शामिल होते आ रहे हैं।
कला और परंपराओं को संजोने का माध्यम हैं मेले मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संजोकर रखने तथा अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद इस मेले में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है और इस बार गंगा स्नान पर्व के अवसर पर यहां पहुंचकर उन्हें विशेष प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है।
दिखेगी लोक संस्कृति और आपसी भाईचारे की झलक दस दिनों तक चलने वाले झनकईया मेले में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के नागरिक शामिल होते हैं। इस दौरान मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, पारंपरिक लोक संस्कृति और दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी भाईचारे की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से इस वर्ष मेले के आयोजन को विशेष उत्साह और महत्व मिला है।
